- यू.एस. मिश्रा

अकसर लोग दूसरों की तारीफ करने से बचते हैं, लेकिन श्रीदेवी और बोनी कपूर की बिटिया जाह्नवी कपूर न केवल इस मामले में दूसरों से अलहदा हैं बल्कि वो दिल खोलकर दूसरों की तारीफ करने के साथ ही अपनी बातों को बड़ी बेबाकी से कहने में भी यकीन करती हैं। अपनी बातों को बिना लाग-लपेट के बेहिचक कहनेवाली जाह्नवी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक युवा अभिनेता जकोजी जुप की परफॉर्मेंस की न केवल खुलकर सराहना की, बल्कि उन्होंने उनकी तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए अपने फैंस को बताया कि फिल्म ‘हैमनेट’ में उनकी परफॉर्मेंस ने उन्हें काफी प्रभावित किया।

जाह्नवी ने जकोजी जुप की तारीफ करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा, ‘हैमनेट’ में इस लड़के की परफॉर्मेंस जबरदस्त है। दिल जीत लिया। बिना किसी शक के यह इस साल की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस है, जो दिमाग से निकल ही नहीं रही।’ सोशल मीडिया पर जकोजी जुप की दिल खोलकर तारीफ करनेवाली जाह्नवी की ये पोस्ट न केवल लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई, बल्कि लोग यह सोचने पर मजबूर हो गए कि बतौर दर्शक जाह्नवी जकोजी जुप की परफॉर्मेंस से कितनी गहराई से जुड़ चुकी है।
बहरहाल, जाह्नवी जैसी अदाकारा के मुंह से अपनी तारीफ सुन जकोजी जुप का दिल जरूर बल्लियों उछल रहा होगा और कदम जमीन पर नहीं पड़ रहे होंगे।
