
● मुंबई
आर्थिक राजधानी मुंबई को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाए रखना केवल प्रशासन का काम नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। यह संदेश अभिनेता पद्मश्री अक्षय कुमार ने ‘मुंबई क्लीन लीग’ स्वच्छता प्रतियोगिता के पंजीकरण शुभारंभ अवसर पर दिया।
मनपा के घनकचरा प्रबंधन विभाग द्वारा आयोजित इस पहल की शुरुआत 17 मार्च 2026 को मनपा मुख्यालय में की गई, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बोलते हुए अक्षय कुमार ने कहा कि मुंबई करोड़ों लोगों को अपने भीतर समेटे हुए है, ऐसे में इसे स्वच्छ रखना सभी का सामाजिक दायित्व बनता है। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।
मनपा आयुक्त भूषण गगराणी ने जानकारी दी कि ‘मुंबई क्लीन लीग’ का उद्देश्य शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जनभागीदारी को मजबूत करना है।
प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण 17 मार्च से शुरू हो चुका है। इच्छुक नागरिक और संस्थाएं मनपा की आधिकारिक वेबसाइट या क्यूआर कोड के जरिए आवेदन कर सकते हैं। विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को लाखों से लेकर करोड़ रुपये तक के आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें सबसे बड़ा पुरस्कार ‘स्वच्छ प्रशासनिक विभाग (नगरसेवक समूह)’ श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 1 करोड़ रुपये रखा गया है।
यह पहल न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच है, बल्कि मुंबई को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास का एक सशक्त अभियान भी है।
