
● मुंबई
पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए वहन क्षमता में वृद्धि तथा अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से 19 मार्च, 2026 से 12-डिब्बों वाली 16 उपनगरीय ट्रेनों को 15-डिब्बों वाली सेवाओं में परिवर्तित करने का निर्णय लिया गया है।
इस विस्तार का उद्देश्य ट्रेनों की क्षमता बढ़ाकर बढ़ती यात्री संख्या को समुचित रूप से समायोजित करना है। इससे ट्रेनों में भीड़भाड़ कम होगी तथा दैनिक यात्रियों को अधिक सुविधा प्राप्त होगी।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इन अतिरिक्त 15-डिब्बों वाली सेवाओं के शुरू होने के बाद उनकी कुल संख्या 211 से बढ़कर 227 हो जाएगी। हालांकि, उपनगरीय ट्रेनों की कुल संख्या में कोई परिवर्तन नहीं होगा और यह 1414 ही बनी रहेगी।
बढ़ाई जा रही 16 सेवाओं में से 8 सेवाएं पीक आवर्स में संचालित की जाएंगी, जिनमें प्रातःकालीन पीक समय में 4 तथा सायंकालीन पीक समय में 4 सेवाएं शामिल हैं।
