● सुरक्षा एजेंसियां सतर्क; गहन जांच शुरू

● मुंबई
मुंबई प्रेस क्लब को 19 मार्च 2026 को उसके आधिकारिक ईमेल पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ, जिसकी जानकारी 20 मार्च की सुबह सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिव मयुरेश गणपत्ये ने तत्काल आजाद मैदान पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई। साथ ही डीसीपी जोन-एक प्रवीण मुंडे को भी सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। आजाद मैदान पुलिस, साइबर सेल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की संयुक्त टीमों ने प्रेस क्लब परिसर में पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
मामले की तकनीकी पड़ताल के लिए साइबर सेल ने ईमेल की सामग्री और उसके स्रोत से जुड़ी अहम जानकारियां एकत्र कर ली हैं। पुलिस अब इस ईमेल के मूल स्रोत तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इस घटना पर मुंबई प्रेस क्लब ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे दुर्भावनापूर्ण करार दिया है। तीन हजार से अधिक पत्रकारों के इस संगठन ने स्पष्ट किया है कि वह ऐसी धमकियों से डरने वाला नहीं है और पत्रकारिता के अपने मूल्यों व सिद्धांतों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगा।
