
● मुंबई
ऑनलाइन फूड ऑर्डर करने वाले ग्राहकों के लिए अब खर्च बढ़ने वाला है। Zomato ने अपनी प्लेटफॉर्म फीस में इजाफा कर दिया है, जिससे हर ऑर्डर पर उपभोक्ताओं को पहले से ज्यादा भुगतान करना होगा।
कंपनी के मुताबिक, प्लेटफॉर्म फीस में 2.40 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पहले प्रति ऑर्डर 12.50 रुपये (जीएसटी से पहले) वसूले जाते थे, जो अब बढ़कर 14.90 रुपये हो गए हैं। यह शुल्क हर ऑर्डर पर लागू होगा, यानी दिन में एक से अधिक बार ऑर्डर करने पर हर बार अतिरिक्त रकम चुकानी पड़ेगी।
गौरतलब है कि इससे पहले Zomato ने सितंबर 2025 में भी प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाई थी। वहीं, प्रतिस्पर्धी कंपनी Swiggy पहले से ही प्रति ऑर्डर करीब 14.99 रुपये (टैक्स के बाद) वसूल रही है। ऐसे में दोनों कंपनियों की शुल्क नीति लगभग एक जैसी होती नजर आ रही है।
इस बीच फूड डिलीवरी सेक्टर में नई हलचल भी देखी जा रही है। Rapido ने बेंगलुरु में ‘ओनली’ नाम से अपनी फूड डिलीवरी सेवा शुरू की है। कंपनी का दावा है कि डिलीवरी चार्ज के अलावा ग्राहकों या रेस्टोरेंट्स से कोई अतिरिक्त प्लेटफॉर्म फीस नहीं ली जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि Rapido की यह रणनीति मौजूदा कंपनियों के लिए चुनौती बन सकती है, खासकर ऐसे समय में जब ग्राहक पहले ही बढ़ते अतिरिक्त शुल्कों को लेकर असंतोष जता रहे हैं।
