
● मुंबई
मुंबई के मनपा प्रशासन में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है। ‘मेट्रो क्वीन’ के नाम से प्रसिद्ध 1995 बैच की आईएएस अधिकारी अश्विनी भिडे को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। वर्तमान आयुक्त भूषण गगराणी 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिसके बाद अश्विनी भिडे पदभार संभालेंगी। विशेष बात यह है कि बीएमसी के इतिहास में वह इस पद तक पहुंचने वाली पहली महिला अधिकारी होंगी।
पिछले कुछ दिनों से मुंबई के नए आयुक्त को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी। इसी संदर्भ में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। विचार-विमर्श के बाद अंततः अश्विनी भिडे के नाम पर मुहर लगाई गई। इस पद के लिए असीम गुप्ता और संजय मुखर्जी के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन भिडे के अनुभव और कार्यक्षमता को प्राथमिकता दी गई। प्रारंभिक स्तर पर कुछ विरोध की चर्चा भी सामने आई, पर विस्तृत बातचीत के बाद नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो गया।
अश्विनी भिडे को प्रशासनिक क्षेत्र में दो दशक से अधिक का सशक्त अनुभव है। वह पहले भी बीएमसी में अतिरिक्त आयुक्त के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। मुंबई की पहली अंडरग्राउंड मेट्रो परियोजना (मेट्रो-3) को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में आगे बढ़ाने का श्रेय भी उन्हें ही जाता है। अपनी कड़ी कार्यशैली और परिणाम-केंद्रित दृष्टिकोण के कारण वह प्रशासनिक जगत में एक प्रभावशाली और भरोसेमंद अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं।
