
▪️मुंबई
मुंबई में सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई तय है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को निर्देश दिया है कि सड़कों, गलियों और सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सीधे आपराधिक मामले दर्ज किए जाएं।
अदालत ने स्पष्ट कहा कि शहर को साफ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। लापरवाही के कारण न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, बल्कि शहर की छवि और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी बुरा असर पड़ रहा है। ऐसे में सिर्फ जुर्माना लगाना काफी नहीं है, बल्कि कड़ी कानूनी कार्रवाई ही इस समस्या का समाधान है।
अब तक बीएमसी कचरा फैलाने पर जुर्माना लगाती थी, लेकिन कई मामलों में यह कदम असरदार साबित नहीं हुआ। इसी को देखते हुए हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया और कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए, ताकि लोगों में डर और जागरूकता दोनों पैदा हो। मुंबई में बढ़ते कचरे, खासकर प्लास्टिक कचरे की समस्या को लेकर अदालत पहले भी चिंता जता चुकी है।
