▪️ वैश्विक मंच पर बढ़ाया देश का मान

- मुंबई। अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट में भारत की भूमिका शाजवानी ने ‘मिसेज अर्थ एलीट 2026’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर देश का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि केवल सौंदर्य की नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक मानी जा रही है।
प्रतियोगिता के दौरान भूमिका ने पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक बदलाव से जुड़े अपने विचारों से निर्णायकों को प्रभावित किया। उन्होंने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने कई महीनों तक फिटनेस, पब्लिक स्पीकिंग, मंच प्रस्तुति और सामाजिक परियोजनाओं पर लगातार काम किया। उनकी तैयारी और सकारात्मक दृष्टिकोण ने उन्हें अन्य प्रतिभागियों से अलग पहचान दिलाई।
भूमिका शाजवानी की इस जीत को भारत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं और फैशन जगत के साथ-साथ समाजसेवी संस्थाएं भी उनकी सराहना कर रही हैं। उनका कहना है कि इस सम्मान के जरिए वह पर्यावरण संरक्षण, महिला शिक्षा और जन-जागरूकता से जुड़े अभियानों को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगी।
