
▪️ मुंबई
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से महाराष्ट्र में 29 से 31 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है। इसी क्रम में मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में 30 और 31 जुलाई को वर्षा का जोर बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, विशेष रूप से रायगढ़, ठाणे और पालघर जिलों में 30 जुलाई को मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
राज्य के विदर्भ, उत्तर मराठवाड़ा, खानदेश, कोंकण तथा मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में भी मध्यम से भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। वहीं दक्षिण मराठवाड़ा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में अपेक्षाकृत कम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने, यातायात प्रभावित होने तथा जनजीवन पर असर पड़ने की आशंका है। मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं भी हो सकती हैं।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने तथा घाट मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई है।
