
▪️नई दिल्ली
चुनावी सुधारों पर काम करने वाली संस्था एडीआर (Association for Democratic Reforms) और नेशनल इलेक्शन वॉच ने देश के 31 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्तियों का विश्लेषण जारी किया है। रिपोर्ट के अनुसार, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार सबसे अधिक संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं, जबकि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, डी.के. शिवकुमार ने अपनी कुल संपत्ति 1,413 करोड़ रुपए से अधिक घोषित की है। दूसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू हैं, जिनकी घोषित संपत्ति करीब 931 करोड़ रुपए है। वहीं, चार मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्ति 100 करोड़ रुपए से अधिक है। सभी 31 मुख्यमंत्रियों की औसत घोषित संपत्ति 118.07 करोड़ रुपए आंकी गई है।
सूची के दूसरे छोर पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 55.24 लाख रुपए घोषित की है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी 85.87 लाख रुपए की घोषित संपत्ति के साथ दूसरे सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं, जबकि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगभग 1.03 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
एडीआर की रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि 31 में से 14 मुख्यमंत्रियों (करीब 45 प्रतिशत) ने अपने चुनावी हलफनामों में आपराधिक मामलों का उल्लेख किया है। इनमें 11 मुख्यमंत्रियों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह विश्लेषण संबंधित मुख्यमंत्रियों द्वारा चुनाव आयोग को दिए गए शपथपत्रों के आधार पर तैयार किया गया है।
