
▪️अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के प्रशासन को नई दिशा देने के लिए सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को अपना पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। भारतीय वायुसेना के पश्चिमी वायु कमान के प्रमुख रह चुके मिश्रा अब मंदिर के प्रशासन, संचालन और व्यवस्थाओं की कमान संभालेंगे।
यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब ट्रस्ट को प्रशासनिक पारदर्शिता और लोगों के विश्वास से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर को मिले चढ़ावे से कथित चोरी के मामले में आठ लोगों की गिरफ्तारी के बाद ट्रस्ट के कामकाज को लेकर सवाल उठे हैं। ऐसे में नए CEO की सबसे बड़ी जिम्मेदारी केवल मंदिर की व्यवस्थाएं संभालना नहीं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और श्रद्धालुओं का भरोसा मजबूत करना भी होगी।
जितेंद्र मिश्रा का लंबा सैन्य अनुभव इस जिम्मेदारी में अहम माना जा रहा है। वे अप्रैल 2026 में वायुसेना की पश्चिमी वायु कमान के प्रमुख पद से सेवानिवृत्त हुए थे। ऑपरेशनल कमान और बड़े स्तर के प्रशासनिक अनुभव के कारण उनसे मंदिर की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और विभिन्न व्यवस्थाओं के बेहतर समन्वय की उम्मीद है।
CEO की नियुक्ति के साथ ट्रस्ट में तीन नए ट्रस्टियों को भी शामिल किया गया है। इनमें डॉ. निर्मला यादव, मदन मोहन पांडेय और महेश भागचंदका शामिल हैं। इन बदलावों को ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे को अधिक व्यवस्थित और जवाबदेह बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
