
▪️मुंबई
गणेशोत्सव के दौरान मुंबई के लालबाग और परेल इलाके में होने वाली गणेश आगमन शोभायात्राओं में भारी भीड़ उमड़ती है। इस दौरान कई श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल भीड़ में खो जाते हैं या सड़कों पर ही छूट जाते हैं। आमतौर पर कचरा समझकर फेंक दी जाने वाली इन चप्पलों और जूतों का जरूरतमंदों के लिए उपयोग करने की सराहनीय पहल मुंबई महानगरपालिका के एफ-दक्षिण विभाग के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग ने शुरू की है।
गणेश आगमन शोभायात्रा के बाद मनपा कर्मचारियों ने रात में विशेष सफाई अभियान चलाकर सड़कों पर बिखरे हजारों जूते-चप्पल एकत्र किए। इनका निपटारा करने के बजाय ‘ग्रीन सोल फाउंडेशन’ के सहयोग से इन्हें पुन: उपयोग में लाने की योजना बनाई गई है।
एकत्र किए गए जूते-चप्पलों की आवश्यक प्रक्रिया के बाद उन्हें दोबारा इस्तेमाल करने योग्य बनाया जाएगा। इसके बाद तैयार किए गए चप्पल गड़चिरोली सहित दुर्गम आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों और परिवारों को वितरित किए जाएंगे।
मनपा प्रशासन के अनुसार, गणेशोत्सव के दौरान बड़े पैमाने पर होने वाली भीड़ के बाद सफाई व्यवस्था चुनौतीपूर्ण होती है। ऐसे में कचरे के रूप में मिलने वाली उपयोगी वस्तुओं का पुन: उपयोग करने की यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
