- मुंबई। बांद्रा के प्रसिद्ध माउंट मैरी फेयर के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बेस्ट ने विशेष परिवहन व्यवस्था की है। 13 से 20 सितंबर तक बांद्रा पश्चिम रेलवे स्टेशन और हिल रोड गार्डन के बीच कुल 236 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
माउंट मैरी चर्च और फादर एग्नेल आश्रम परिसर में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए बेस्ट बसें सीधे चर्च तक नहीं जाएंगी। यात्रियों को बांद्रा पश्चिम स्टेशन से हिल रोड गार्डन तक बस सेवा मिलेगी, जिसके बाद उन्हें पैदल चर्च तक जाना होगा।

13 और 19 सितंबर को पांच मार्गों पर सुबह और शाम 10-10 अतिरिक्त बसें चलेंगी। इनकी सेवा सुबह 8 से शाम 4 बजे तथा शाम 3 बजे से मध्यरात्रि तक रहेगी। वहीं 14, 15 और 17 सितंबर को चार मार्गों पर सुबह-शाम छह-छह अतिरिक्त बसें उपलब्ध रहेंगी।
बेस्ट ने बांद्रा पश्चिम स्टेशन समेत प्रमुख स्थानों पर बस निरीक्षकों और यातायात अधिकारियों की तैनाती भी की है। ये अधिकारी यात्रियों का मार्गदर्शन करने के साथ बस संचालन और भीड़ नियंत्रण में मदद करेंगे। बेस्ट ने श्रद्धालुओं से अतिरिक्त बस सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
