- मुंबई। महाराष्ट्र में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची सत्यापन का काम लगभग पूरा हो गया है। चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य में नोटिस जारी किए गए 1 करोड़ 22 लाख 24 हजार 7 मतदाताओं में से 1 करोड़ 22 लाख 16 हजार 665 मतदाताओं ने आवश्यक दस्तावेज जमा कर दिए हैं। इस तरह 99.94 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन पूरा हो चुका है।

नंदुरबार, गढ़चिरौली, ठाणे, नासिक, मुंबई शहर और मुंबई उपनगर सहित कई जिलों में 99 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं। आयोग ने बताया कि मतदाता सूची में नाम और फोटो से जुड़ी विसंगतियों वाले 99.57 प्रतिशत मामलों का निपटारा कर दिया गया है। वहीं, वर्ष 2002-04 की पुरानी मतदाता सूची से मिलान नहीं होने वाले 99.50 प्रतिशत मामलों का भी समाधान किया गया है।
राज्य की प्रारूप मतदाता सूची में कुल 7 करोड़ 71 लाख मतदाता शामिल हैं। अभी 47,247 मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच या जमा करने की प्रक्रिया बाकी है। चुनाव आयोग के मुताबिक, महाराष्ट्र की अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी।
