
● नई दिल्ली
भारत में आबादी का वृद्धावस्था की ओर झुकाव तेजी से बढ़ रहा है। राष्ट्रीय जनसंख्या आयोग के तकनीकी समूह के अनुसार 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की संख्या वर्ष 2011 के 10.16 करोड़ से बढ़कर 2036 तक 22.74 करोड़ हो सकती है। यानी 2036 में देश की लगभग 15 प्रतिशत जनसंख्या वरिष्ठ नागरिक होगी, हर 7 में एक भारतीय बुजुर्ग।
लोकसभा में सांसद सीके कुमार रेड्डी के प्रश्न के उत्तर में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि बढ़ती बुजुर्ग आबादी के चलते स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक निर्भरता और डिजिटल सुविधाओं तक पहुँच जैसी चुनौतियाँ और गंभीर होंगी।
इन्हीं जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 1 अप्रैल 2021 से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय अटल वयो अभ्युदय योजना (अव्यय) लागू कर रहा है। इसका उद्देश्य बुजुर्गों को आश्रय, भोजन, स्वास्थ्य देखभाल, मनोरंजन और सुरक्षित व सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध कराना है। सरकार ने राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक परिषद भी बनाई है, जो बुजुर्गों से जुड़े मुद्दों पर सुझाव देती है।
नीति आयोग के अनुसार, 2050 तक भारत में हर पाँचवाँ व्यक्ति बुजुर्ग होगा जो जनसंख्या संरचना में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
