● भाईंदर

मीरा-भाईंदर मनपा के जलापूर्ति एवं सीवरेज विभाग ने नागरिकों को सूचित किया है कि शहर की जलापूर्ति एसटीईएम प्राधिकरण और महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) के माध्यम से संचालित होती है। इसी क्रम में एमआईडीसी द्वारा जांभूल स्थित जलशोधन केंद्र के एचएसआर जलाशय पर गुरुत्वाकर्षण पाइपलाइन क्रमांक 1, 2 और 3 के उन्नयन कार्य के साथ आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव किया जा रहा है।
इन कार्यों के चलते 24 घंटे का शटडाउन लिया गया है, जिससे मीरा-भाईंदर क्षेत्र में जलापूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। मनपा प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए पानी का संयमित उपयोग करने का आग्रह किया है।
- 24 घंटे पानी नहीं
मनपा ने बताया कि बृहस्पतिवार, 29 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे से शुक्रवार, 30 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक (कुल 24 घंटे) एमआईडीसी से मीरा-भाईंदर शहर को होने वाली जलापूर्ति पूर्णतः बंद रहेगी। हालांकि, इस अवधि में एसटीईएम प्राधिकरण से प्राप्त जलापूर्ति यथावत जारी रहेगी।
मनपा के अनुसार एमआईडीसी की जलापूर्ति पुनः प्रारंभ होने तक शहर के कुछ हिस्सों में पानी कम दबाव से तथा विलंब के साथ उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसे में नागरिकों से अपील की गई है कि वे जल का विवेकपूर्ण एवं संयमित उपयोग करें तथा मनपा को सहयोग प्रदान करें।
