■ 10 दिनों तक भारी वाहनों की नो-एंट्री

● कल्याण
श्री मलंगगढ़ यात्रा उत्सव के मद्देनजर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। 29 जनवरी से 7 फरवरी तक श्री मलंगगढ़ परिसर और उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर भारी व अति-भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। यह आदेश यातायात पुलिस उपायुक्त पंकज शिरसाट द्वारा जारी अधिसूचना के तहत लागू किया गया है।
बता दें कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक यात्रा में शामिल होते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जाम और संभावित हादसों से बचाव के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। शिलफाटा से नेवाली नाका की ओर आने वाले भारी वाहनों को काटई नाका पर रोका जाएगा और उन्हें नेतीवली, टाटा पावर व मानपाड़ा पुलिस स्टेशन मार्ग से आगे भेजा जाएगा। नवी मुंबई के तलोजा क्षेत्र से आने वाले भारी वाहन खोनी नाका (निसर्ग होटल) पर रोके जाएंगे और काटई नाका की दिशा में मोड़े जाएंगे।

इसी तरह बदलापुर की ओर से नेवाली नाका, श्री मलंगवाड़ी, नवी मुंबई और ठाणे जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश शिवाजी नगर टी-पॉइंट पर बंद रहेगा। इन वाहनों को अंबरनाथ टी-पॉइंट, फॉरेस्ट नाका और साईं बाबा मंदिर मार्ग से गुजरना होगा।
