■ 7 फरवरी को मतदान, 9 फरवरी को मतगणना

● मुंबई
राज्य में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के आकस्मिक निधन के बाद घोषित तीन दिवसीय राजकीय शोक को देखते हुए जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। इसके तहत 12 जिला परिषदों और उनके अंतर्गत आने वाली 125 पंचायत समितियों के चुनाव में अब 7 फरवरी 2026 को मतदान होगा, जबकि 9 फरवरी 2026 को मतगणना कराई जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने इन चुनावों का कार्यक्रम 13 जनवरी 2026 को घोषित किया था। नामांकन दाखिल करने, नामांकन वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन और अंतिम उम्मीदवारों की सूची प्रकाशन जैसी सभी औपचारिकताएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। शेष चरणों—मतदान, मतगणना और निर्वाचित सदस्यों के नामों के राजपत्र प्रकाशन में ही यह बदलाव किया गया है।
उल्लेखनीय है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने चुनाव प्रक्रिया के लिए 31 जनवरी 2026 के बाद केवल दो सप्ताह की समय-सीमा बढ़ाई थी। इसी दौरान 28 जनवरी 2026 को उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन के कारण 28 से 30 जनवरी तक राजकीय शोक घोषित किया गया। इसी पृष्ठभूमि में शेष चुनावी चरणों की तिथियों में संशोधन किया गया।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित जिलाधिकारी 31 जनवरी 2026 को नई अधिसूचना जारी करेंगे। अब 7 फरवरी 2026 को सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक मतदान होगा। चुनाव प्रचार की अवधि 5 फरवरी 2026 की रात 10 बजे समाप्त हो जाएगी।
9 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू होगी। परिणाम घोषित होते ही संबंधित क्षेत्रों में लागू आदर्श आचार संहिता समाप्त कर दी जाएगी। निर्वाचित सदस्यों के नाम 11 फरवरी 2026 तक शासन राजपत्र में प्रकाशित किए जाएंगे।
