
● मुंबई
होली के पावन अवसर पर बुधवार को कांदिवली स्थित ठाकुर कांपलेक्स के एवेन्यू होटल प्रांगण में आनंद जनसेवा संस्था, मुंबई की ओर से आयोजित होली स्नेह सम्मेलन मिलन समारोह में अवधी परंपराओं और अवधी संस्कृति की अद्भुत छटा बिखरी। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के प्रवक्ता आनंद दुबे के संयोजन में आयोजित इस होली महोत्सव में फिल्म, कला, राजनीति, शिक्षा, चिकित्सा, व्यवसाय व अन्य क्षेत्रों की मानिंद हस्तियों के साथ ही प्रिंट मीडिया, डिजिटल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के तमाम पत्रकारों ने भी जमकर होली का जश्न मनाया।
भोजपुरी के सुप्रसिद्ध लोकगायक सुरेश शुक्ला की टीम के साथ अन्य नामी कलाकारों ने फागुन के अवधी गीत, संगीत, नृत्य का रंगारंग समा बांधां और होली की जबर्दस्त धूम मचा दी। बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार दिलीप सेन ने पहुंचकर माहौल को और भी संगीतमय बना दिया। भारत के पारंपरिक और सांस्कृतिक उत्सव होली का मजा उठाने के लिए इस कार्यक्रम में फ्रांस और दुबई से भी अतिथि पधारे थे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ लेखक पत्रकार शैलेंद्र श्रीवास्तव ने किया। इस आयोजन में गमछा लपेटे हुए समस्त होली रसिकों ने फूलों के होली का अद्भुत आनंद उठाया।
अनेक गायक कलाकारों की मनभावन प्रस्तुतियों से अवधी और भोजपुरी संगीत की महफिल खूब सजी। संयोजक आनंद दुबे ने खुद कई बेहतरीन भक्ति गीत और लोकगीत सुनाए, नृत्य प्रस्तुत किया और मिमिक्री भी की।
