
● मुंबई
देश के करोड़ों मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए एक अहम बदलाव की आहट है। दुनिया की लोकप्रिय मैसेजिंग सेवा WhatsApp जल्द ही अपने प्लेटफॉर्म पर प्रीमियम सब्सक्रिप्शन मॉडल लाने की तैयारी में है, जिसे ‘WhatsApp Plus’ नाम दिया जा रहा है। यह कोई अलग ऐप नहीं होगा, बल्कि मौजूदा वॉट्सऐप के भीतर एक वैकल्पिक पेड प्लान के रूप में उपलब्ध रहेगा। यानी आने वाले समय में यूजर्स के पास दो विकल्प हो सकते हैं, एक मुफ्त सेवा और दूसरा अतिरिक्त सुविधाओं के साथ सशुल्क संस्करण।
रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp Plus का लाभ उठाने के लिए उपयोगकर्ताओं को मासिक शुल्क देना होगा। इसके बदले उन्हें ऐसे विशेष फीचर्स मिलेंगे, जो सामान्य फ्री वर्जन में उपलब्ध नहीं होंगे। कंपनी इस प्रीमियम प्लान को एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म के लिए विकसित कर रही है, हालांकि इसे अभी आधिकारिक रूप से जारी नहीं किया गया है।
WhatsApp Plus की सबसे बड़ी खासियत इसका कस्टमाइजेशन पैकेज माना जा रहा है। प्रीमियम सदस्य अपनी ऐप की थीम बदल सकेंगे, नए आइकन चुन सकेंगे और इंटरफेस को अलग अंदाज़ दे सकेंगे। बताया जा रहा है कि लगभग 14 नए आइकन और विशेष थीम्स दी जाएंगी, जिससे पेड यूजर्स का वॉट्सऐप रूप और अनुभव में अलग दिखाई देगा।
इसके अतिरिक्त, जहां अभी केवल तीन चैट्स को पिन करने की सुविधा है, वहीं Plus यूजर्स एक साथ 20 चैट्स पिन कर सकेंगे। इससे जरूरी बातचीत तक पहुंचना अधिक आसान और व्यवस्थित हो जाएगा। कंपनी विशेष रिंगटोन्स पर भी काम कर रही है, जो केवल प्रीमियम यूजर्स के लिए होंगी, ताकि वॉट्सऐप कॉल सामान्य कॉल से अलग पहचानी जा सके। साथ ही कुछ एक्सक्लूसिव स्टिकर्स और रिएक्शन आइकन भी दिए जाने की संभावना है।
स्पष्ट है कि यदि यह योजना लागू होती है तो मुफ्त और सशुल्क वॉट्सऐप अनुभव के बीच अंतर साफ दिखाई देगा, और डिजिटल संवाद का स्वरूप एक नए चरण में प्रवेश करेगा।
