■ अमृत भारत स्टेशन योजना

● लखनऊ
यदि आप नियमित रूप से रेल यात्रा करते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए महत्वपूर्ण है। भारतीय रेल अपने स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है। दिसंबर 2022 में शुरू की गई भारतीय रेल की ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत देशभर के 1337 रेलवे स्टेशनों का व्यापक कायाकल्प किया जा रहा है। लक्ष्य है कि वर्ष 2026 तक इन स्टेशनों को आधुनिक, सुविधासंपन्न और वैश्विक स्तर के अनुरूप विकसित कर दिया जाए।
इस योजना का उद्देश्य केवल भवनों का नवीनीकरण नहीं है। इसके माध्यम से यात्री सुविधाओं का विस्तार, स्टेशन तक सुगम पहुंच, बेहतर प्रतीक्षालय, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली, स्वच्छ शौचालय और दिव्यांगजनों के लिए अनुकूल व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही प्रत्येक स्टेशन के पुनर्विकास में स्थानीय कला, स्थापत्य और सांस्कृतिक पहचान को भी संरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को आधुनिकता के साथ स्थानीय गौरव का भी अनुभव हो।
● सबसे अधिक 157 स्टेशन उत्तर प्रदेश में शामिल किए गए हैं, जहां काम युद्धस्तर पर जारी है। जिन प्रमुख स्टेशनों का रूपांतरण तेजी से हो रहा है, उनमें आगरा कैंट, आगरा फोर्ट, अयोध्या, लखनऊ (चारबाग और जंक्शन), वाराणसी कैंट, गोरखपुर, प्रयागराज, मथुरा, कानपुर सेंट्रल, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद और झांसी जैसे महत्वपूर्ण केंद्र शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त अमेठी, आजमगढ़, बदायूं, बस्ती, जौनपुर, ललितपुर, मऊ, पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर और शाहजहांपुर जैसे छोटे और मध्यम श्रेणी के स्टेशनों को भी योजना में स्थान दिया गया है।
इस व्यापक परिवर्तन के बाद करोड़ों यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आकर्षक यात्रा अनुभव मिलेगा। रेलवे का यह प्रयास देश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
