● रविंद्र मिश्रा, मुंबई

मुंबई के प्राचीन एवं प्रसिद्ध शक्तिपीठ मुंबादेवी मंदिर में स्थापना दिवस के पावन अवसर पर गुरुवार, 29 जनवरी को भव्य नवचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर मंदिर परिसर में कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुंबादेवी मंदिर के व्यवस्थापक हेमंत जाधव ने बताया कि मंदिर के स्थापना दिवस को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि 19 जनवरी से आरंभ हुई गुप्त नवरात्रि की पूर्णाहुति हवन 27 जनवरी, मंगलवार को संपन्न होगी। इसके उपरांत 29 जनवरी को स्थापना दिवस के मुख्य आयोजन के रूप में नवचंडी महायज्ञ आयोजित किया जाएगा।
नवचंडी महायज्ञ का शुभारंभ सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर होगा, जबकि इसकी पूर्णाहुति शाम 5 बजकर 30 मिनट पर संपन्न की जाएगी। इसी दौरान शाम साढ़े 3 बजे माता रानी की भव्य पालकी बाजे-गाजे के साथ मंदिर परिसर से निकाली जाएगी, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। पालकी उत्सव का समापन शाम साढ़े 5 बजे होगा।
इसके अतिरिक्त, रात्रि में मंदिर में श्री सत्यनारायण महापूजा का आयोजन किया गया है। यह महापूजा शाम साढ़े 8 बजे से प्रारंभ होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सहभागी होने की संभावना है।
